*तहसील - छोटीसादड़ी, गांव - महुडिया*
*रिपोर्टर - प्रहलाद जणवा*
*छोटीसादड़ी।* शारदीय नवरात्रि के समापन पर महुडिया गांव में नन्हे मुन्ने बच्चों ने भक्ति की अनोखी मिसाल पेश की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बच्चों ने अपनी साइकिल को ही माता रानी का रथ बना दिया। जैसा कि वीडियो में देखा जा सकता है, गांव के बड़े पीपल के पेड़ के नीचे बच्चों ने माता रानी की छोटी प्रतिमा का गेंदे के फूलों से श्रृंगार किया। साइकिल पर फूलों से भरा डिब्बा लगाया और पूरी श्रद्धा के साथ माता रानी को साइकिल पर विराजमान कर विसर्जन के लिए निकले।
इस दौरान गांव की महिलाओं ने बच्चों का साथ दिया, फूल चढ़ाए और आतिशबाजी कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। बच्चों ने "बोल सांचे दरबार की जय" और "जय माता दी" के जयकारों के साथ पूरे मोहल्ले में झांकी निकाली।
ग्रामीणों ने बताया कि आज के दौर में जहाँ बड़े-बड़े डीजे और वाहनों से विसर्जन होता है, वहीं इन नन्हे बच्चों ने साइकिल पर विसर्जन कर सादगी और सनातन संस्कृति का संदेश दिया है। बच्चों की यह झांकी पूरे महुडिया गांव में आकर्षण का केंद्र बनी रही।

Post a Comment