*जिला कलक्टर एवं एसपी ने कानून-व्यवस्था एवं निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*


जिला -प्रतापगढ 

तहसील -छोटीसादडी

रिपोटर-प्रहलाद जणवा



पंचायती राज संस्थान चुनाव 2026*

प्रतापगढ़,16 अक्टूबर। आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 2026 के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला कलक्टर शुभम चौधरी एवं जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगीड़ की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था एवं निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।


बैठक में संवेदनशील, अतिसंवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्र, पूर्व में घटित घटनाओं, निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। 


जिला कलक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जाएं। विशेष रूप से संवेदनशील मतदान केंद्रों का शत-प्रतिशत निरीक्षण किया जाए तथा संबंधित क्षेत्रों की परिस्थितियों का आकलन कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।


बैठक में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटरों को पाबंद करने, वारंटों की तामील, लाइसेंसी हथियार जमा करवाने तथा अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के संबंध में की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए।


जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं (AMF), पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं जनरेटर सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगीड़ ने पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित गश्त, फ्लैग मार्च, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन को आपसी समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया।


बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post