अलवर(अनिल कुमार गुप्ता)
श्री राजर्षि अभय समाज, अलवर के रंगमंच पर आयोजित 111वें वर्ष की ऐतिहासिक रामलीला के आठवें दिन सीता हरण, शबरी मिलन, राम सुग्रीव मित्रता तक के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण एवं मनोहारी मंचन किया गया।
लीला का शुभारंभ पंचवटी में सूर्पणखा की कान और नाक काटने से हुआ। जिसके कारण रावण द्वारा अपनी माया से सीताजी का हरण किया गया। सीताजी के हरण पर रामजी बहुत ही व्याकुल और व्यथित हो गए।
इसके बाद गिद्धराज जटायु के उद्धार की लीला को दिखाया गया, जिसमें जटायु द्वारा माता सीता की रक्षा करते हुए रावण द्वारा घायल किया गया और अंत में श्रीराम की गोद में अपने प्राण त्याग दिए। एक पुत्र की भांति राम ने गिद्धराज जटायु का अंतिम संस्कार किया। जटायु द्वारा समाज को नारी रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करने का संदेश दिया गया।
इसके बाद शबरी मिलन की लीला के मंचन में दर्शाया गया कि सीताजी को खोजते हुए राम लक्ष्मण शबरी मैया की कुटिया पहुँचे। रामजी ने शबरी मैया को अपनी भक्ति प्रदान करते हुए मोक्ष प्रदान किया। इस प्रसंग में भगवान ने निर्मल भक्ति का संदेश दिया, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
इसके बाद राम सुग्रीव मित्रता की लीला में रामजी माता सीता को खोजते हुए ऋष्यमूक पर्वत पर पहुंचे, जहां पहले तो उनकी भेंट उनके अनन्य भक्त और सेवक श्री हनुमान जी से हुई और हनुमान जी द्वारा अग्नि की साक्षी में सुग्रीव से मित्रता कराई गई। इस प्रसंग में दर्शाया गया कि मित्रता में परस्पर सहयोग का भाव होना चाहिए।
संस्था की ओर से आयोजित यह 111वें वर्ष की रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के शोषित, वंचित एवं आदिवासियों के साथ ही वन्यजीवों के प्रति प्रेम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment