चितौडगढ से प्रवीण दवे की रिपोर्ट
चित्तौड़गढ़। जिला परिषद चुनाव के लिए आज अंतिम दिन होने से दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों में गहमा गहमी रही। कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन के दौरान भाजपा औऱ कांग्रेस के कई दिग्गजों का दिनभर जमावड़ा लगा रहा। जिला प्रमुख सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने के साथ ही दोनों दलों में सरगर्मियां परवान पर रही। पहले से चल रहे कयासों के अनुरुप दोनों ही राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपने निकटतम सम्बंधी परिवार की महिलाओं को इस चुनावी मैदान में उतार कर रणनीति तैयार करने में व्यस्त हो गए है। लेकिन नामांकन की इस गहमागहमी में सुखद यह बात रही कि राजनीतिक तौर पर धुर विरोधी भी एक दूसरे के साथ गलबहियां करते दिखाई दिए।
भाजपा में घमासान तय , कांग्रेस में जगपुरा पर निगाहें!
नामांकन भरे जाने के अंतिम दिन होने से आज दोनों ही प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस ने जिला परिषद के 35 वार्डस से अपने अपने उम्मीदवारों के नामांकन भरवा दिए। जिससे काफी हद तक पिक्चर साफ हो गईं है।
लेकिन इस बार भाजपा में जिला प्रमुख को लेकर घमासान होना तय माना जा रहा है। जिला प्रमुख की इस दौड़ में सबसे प्रमुख नाम सुशीला कंवर आक्या वार्ड संख्या 16 से चुनावी मैदान में है , जो विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की धर्मपत्नी है। वही दूसरी और वार्ड संख्या 4 से भाजपा के जिला अध्यक्ष रतन गाडरी की पुत्री सीमा गाडरी भी इस पद की प्रमुख दावेदार मानी जा रही है।
वही वार्ड संख्या 5 से भाजपा के दिग्गज और चुनावी रणनीति के माहिर कहे जाने वाले कमलेश पुरोहित की पत्नी रति पुरोहित की चुनावी मैदान में उपस्थिति भी मायने रखती है।
इसी क्रम में वार्ड संख्या चार से भी अरुणा कँवर राणावत पत्नि सहदेव सिंह नारेला भी जिला प्रमुख की दौड़ में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। साथ ही भूपालसागर पंचायत समिति के पूर्व प्रधान मोहब्बत सिंह राठौर की पुत्रवधू भावना कँवर राठौड़ पत्नि लवदेव सिंह एवं गंगरार पंचायत समिति के पूर्व प्रधान देवी सिंह राणावत की धर्मपत्नी छोटू कँवर भी इस दौड़ में बनी हुई है।
बॉक्स
कांग्रेस में जगपुरा पर टिकी निगाहें!
फिलहाल कुछ भी तय नही है।
जिला परिषद के इस चुनाव में कांग्रेस के पास फिलहाल ऐसा कोई नाम सामने नही आ रहा है। लेकिन बड़ी सादडी विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके और पूर्व में डेयरी चेयरमैन रह चुके बद्री लाल जगपुरा की पत्नी रतनी देवी की जिला प्रमुख पर दावेदारी प्रमुखता से सामने आ रही है। इधर अभी हाल ही में यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष निर्वाचित हुए रविंद्र सिंह राणावत की माता जी लक्ष्मी कँवर राणावत की दावेदारी भी कई मायनों में अपना दम रखती है। लक्ष्मी कँवर राणावत गंगरार पंचायत समिति की निवर्तमान प्रधान भी है।

إرسال تعليق