कालपी बार संघ अध्यक्ष हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल

 



उत्तर प्रदेश के जालौन से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कालपी बार संघ के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए हैं। हालांकि, मुख्य आरोपी मोनू यादव अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


 

दरअसल, 31 अक्टूबर को कालपी बार संघ के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार को केस के सिलसिले में बातचीत और चाय पीने के बहाने बुलाया गया था, जिसके बाद उनका अपहरण कर हत्या कर दी गई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एसपी सुरेश चंद्र रावत के नेतृत्व में आठ थानों की टीमों को सक्रिय किया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान सचेंडी के पास अधिवक्ता का शव बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने हत्याकांड की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।


पुलिस जांच में इंद्रजीत यादव की भूमिका सामने आई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इंद्रजीत यादव ने पैसे देकर मोनू यादव और उसके साथियों से हत्या की वारदात को अंजाम दिलवाया था।


वहीं, आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कार बरामद करने पहुंची पुलिस टीम पर जंगल में छिपे बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सर्वेश शुक्ला उर्फ सब्बू और आशीष विश्वकर्मा घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी केशव कटियार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।


घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी मोनू यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم