राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में संचालित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के अंतर्गत पंचायत समिति गंगरार की विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन कर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन एवं विभिन्न विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर जनसुनवाई, योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने का कार्य कर रहे हैं।
ग्रामीण सेवा शिविरों में राजस्व, पंचायत राज, कृषि, पशुपालन, चिकित्सा एवं स्वास्थय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, जलदाय, विद्युत तथा अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही विभिन्न प्रकार के आवेदन, शिकायतों एवं प्रकरणों का त्वरित निस्तारण भी किया जा रहा है।
दिनांक 15 जून 2026 को ग्राम पंचायत खारखन्दा में आयोजित शिविर का अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) रावतभाटा महोदया द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने एवं अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविरों में राजस्व संबंधी नामांतरण, सीमाज्ञान, रास्ता, बंटवारा एवं अन्य प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को पेंशन योजनाओं, पालनहार योजना एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। चिकित्सा विभाग द्वारा स्वास्थय जांच एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया जा रहा है, वहीं कृषि एवं पशुपालन विभाग किसानों एवं पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।
ग्राम पंचायत खारखन्दा में आयोजित शिविर में पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को कृमिनाशक दवाइयां, फर्टिलिटी किट एवं उपचार हेतु आवश्यक औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत पात्र पशुपालकों को बीमा सुरक्षा का लाभ प्रदान किया गया। योजना के तहत बीमित पशुओं की मृत्यु होने पर पशुपालकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें कठिन परिस्थितियों में संबल प्राप्त होगा।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से समय एवं धन की बचत हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि अब उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके गांव तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है।
जिला प्रशासन के निर्देशन एवं विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से ग्रामीण सेवा शिविर 2026 सुशासन की अवधारणा को साकार कर रहे हैं। शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जा रहा है।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिविरों की सराहना करते हुए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया तथा ऐसे शिविरों को ग्रामीण विकास एवं जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
.jpeg)
إرسال تعليق