धरियावद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 33.280 किलो अफीम डोडाचूरा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

 

धरियावद। जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ बी आदित्य के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत थाना धरियावद एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिकअप वाहन की बॉडी में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खांचे से 33.280 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रतापगढ़ की ओर से एक मोटरसाइकिल एवं एक बोलेरो पिकअप संदिग्ध रूप से धरियावद की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन चालक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर मोटरसाइकिल चालक को पकड़ लिया, जबकि पिकअप चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

तलाशी के दौरान पिकअप की बॉडी में फर्श के नीचे आयताकार गुप्त पार्टिशन बनाकर छिपाया गया अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ पिकअप एवं मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमेश पुत्र अरविंद लबाना (23 वर्ष), निवासी कयावड़खेड़ा, थाना रठांजना, जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार पिकअप चालक की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थाना अधिकारी हजारीलाल मीणा के नेतृत्व में डीएसटी एवं थाना धरियावद की टीम की विशेष भूमिका रही।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم