जीला -प्रतापगढ
तहसील -छोटीसादडी
रिपोर्टर -प्रहलाद जणवा
छोटीसादड़ी, 22 जून। नगर पालिका छोटीसादड़ी में स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत सोमवार को विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी तथा पात्र नागरिकों को पट्टों का वितरण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक श्रीचंद कृपलानी द्वारा शिविर के निरीक्षण से हुई। इस दौरान अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मीणा सहित नगर पालिका अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
विधायक कृपलानी ने सार्वजनिक स्थलों पर पेवर ब्लॉक निर्माण एवं फिनिशिंग कार्य, शिव मंदिर के पास उद्यान विकास, नगर पालिका परिसर में स्टोर हॉल निर्माण, नगर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सामुदायिक भवन पर छत निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इसके पश्चात आयोजित पट्टा वितरण कार्यक्रम में विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली तथा शिविर में उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर पात्र नागरिकों को कुल 69 पट्टों का वितरण किया गया।
विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि राज्य सरकार आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने नागरिकों से शिविरों का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, उपखंड अधिकारी यतीन्द्र पोर्वाल, नगर परिषद सभापति दानिश नागर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment