ग्रामीण सेवा शिविर में आमजन को मिली राहत, विभिन्न विभागों के प्रकरणों का मौके पर हुआ निस्तारण

 


गंगरार 

चंद्र प्रकाश बिलवाल 


18 जून 2026। राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन उपखण्ड गंगरार की ग्राम पंचायत ऊंडवा में किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं का सुनवाई कर त्वरित निस्तारण किया गया तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया गया।


शिविर में राजस्व, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, जनआधार, कृषि, पशुपालन, चिकित्सा, जलदाय एवं अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सेवाएं प्रदान की गईं। राजस्व विभाग द्वारा आपसी सहमति से बंटवारे के प्रकरणों का निस्तारण कर पक्षकारों को राहत प्रदान की गई, जिससे लंबे समय से लंबित विवादों का समाधान संभव हो सका।


शिक्षा विभाग एवं सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त प्रयासों से पात्र विद्यार्थियों के पालनहार योजना नवीनीकरण सहित विभिन्न प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। जनआधार संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु शिविर में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए नाम जोड़ने एवं संशोधन संबंधी कार्य संपादित किए गए।


शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने तथा त्वरित समाधान मिलने पर संतोष व्यक्त किया।


ग्रामीण सेवा शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके गांव में ही सुगम, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा समय एवं धन की बचत हो सके। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post