जीला -प्रतापगढ
तहसील -छोटीसादडी
रिपोर्टर -प्रहलाद जणवा
जिला प्रभारी सचिव ने किया शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण
विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आवेदनो की स्थिति जानी
-शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की परिवेदनाओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें
-आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें
-आमजन को योजनाओं की जानकारी दें
- संभागीय आयुक्त
प्रतापगढ़, 2 जुलाई। जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने गुरुवार को प्रतापगढ़ नगर परिषद में आयोजित शहरी सेवा शिविर तथा पंचायत समिति सुहागपुरा की ग्राम पंचायत केसरपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभागवार लगाए गए काउंटरों का अवलोकन किया, विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नगर परिषद में आयोजित शहरी सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र व्यक्तियों के आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना की जानकारी प्रत्येक पात्र तक पहुंचाई जाए तथा इच्छुक लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाए।
संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की परिवेदना को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुना जाए। आमजन को अनावश्यक रूप से एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान पर अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या, एसीईओ धनदान देथा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ टी आर आमेटा, आयुक्त नगर परिषद जितेंद्र मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
केसरपुरा ग्राम सेवा शिविर का किया निरीक्षण
इसके पश्चात जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त ने पंचायत समिति सुहागपुरा की ग्राम पंचायत केसरपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा ग्रामजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राप्त होने वाली परिवेदनाओं का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
जिला कलेक्टर शुभम चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि आमजन को सरकारी सेवाएं सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हों। प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे तथा शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने डाटा विहित समय में संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला परिषद एसीईओ उपस्थित रहे।

.jpeg)
إرسال تعليق