गुरुपूर्णिमा पर विद्यार्थियों ने की 'गुरुजी' की मांग, शिक्षकों की कमी पर स्कूल में जड़ा ताला। शिक्षा हमारा अधिकार है का लगाया नारा
चित्तोडगढ
रिपोर्ट प्रवीण दवे की
चित्तौड़गढ़: के उपखंड गंगरार के भटवाड़ा कला विद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की उठाई मांग।
प्रशासन ने तीन शिक्षकों की अस्थायी व्यवस्था का दिया आश्वासन, ग्रामीण बोले—स्थायी समाधान चाहिए।
गुरुपूर्णिमा के अवसर पर जहां पूरे देश में गुरु का सम्मान किया जा रहा था, वहीं चित्तौड़गढ़ जिले के भटवाड़ा कला गांव में विद्यार्थियों ने शिक्षकों की कमी को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। नाराज छात्रों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई।
चित्तौड़गढ़ जिले के उपखंड गंगरार के भटवाड़ा कला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी के चलते विद्यार्थियों का आक्रोश फूट पड़ा। अध्ययन व्यवस्था प्रभावित होने से नाराज छात्रों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया और परिसर के बाहर एकत्र होकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ अपनी मांगें रखीं।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों व ग्रामीणों से बातचीत कर समझाइश की। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में तीन शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। वहीं प्रधानाध्यापक संवर्ग के छह स्वीकृत पदों में से केवल एक पद पर ही शिक्षक कार्यरत है, जबकि पांच पद खाली पड़े हैं। इसके अलावा एलडीसी और सहायक कर्मचारी के पद भी रिक्त हैं।
प्रशासन ने फिलहाल तीन शिक्षकों की अस्थायी व्यवस्था करने का आश्वासन दिया, लेकिन विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने इसे अपर्याप्त बताते हुए स्थायी नियुक्ति की मांग दोहराई। उनका कहना है कि अस्थायी व्यवस्था से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव नहीं है।
विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्तियां नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। गुरुपूर्णिमा के दिन "गुरुजी चाहिए" की यह मांग अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
"गुरुपूर्णिमा पर 'गुरुजी' की मांग"
Comments
Post a Comment