ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर निर्वाचन आयोग की पैनी नजर, वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने किया निरीक्षण। प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
रिपोर्टर/मनोज खंडेलवाल
लोकेशन/दौसा
दौसा। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने बुधवार को दौसा जिला मुख्यालय स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप ईवीएम के सुरक्षित रखरखाव, सुरक्षा बंदोबस्त तथा वेयरहाउस की समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभिलेखों के संधारण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा, निर्वाचन विभाग के विशेष अधिकारी सुरेश चंद, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर अरविंद शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र शर्मा सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment