प्रतापगढ़, 1 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिलेभर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को ग्राम पंचायत तलाया एवं ग्राम पंचायत बिहारा में आयोजित शिविरों में राजस्व संबंधी प्रकरणों का मौके पर निस्तारण, पट्टा वितरण तथा विकसित भारत जी राम जी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
ग्राम पंचायत तलाया, तहसील सुहागपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में कृषि भूमि के बंटवारे का वर्षों से लंबित प्रकरण मौके पर ही सुलझाकर किसानों को बड़ी राहत प्रदान की गई। ग्राम तलाया निवासी अमृतराम, अंबालाल एवं रूपलाल, पिता उदा मीणा ने अपनी कृषि भूमि के आपसी बंटवारे के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार मदन लाल जटिया ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भू-अभिलेख निरीक्षक इंद्रजीत सिंह एवं पटवारी दिनेश चंद्र को मौके पर भेजा। राजस्व टीम ने निरीक्षण कर आपसी सहमति से बंटवारा प्रस्ताव तैयार किया, जिसके आधार पर शिविर स्थल पर ही सभी काश्तकारों की सहमति से भूमि का विधिवत बंटवारा कर प्रकरण का निस्तारण कर दिया गया। त्वरित कार्रवाई से किसानों के चेहरों पर संतोष एवं खुशी साफ दिखाई दी।
वहीं ग्राम पंचायत बिहारा (पंचायत समिति धमोतर) में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को पट्टों का वितरण किया गया। शिविर में राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर लाभार्थियों को स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें अपने अधिकारों की विधिक मान्यता प्राप्त हुई।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को "विकसित भारत जी राम जी योजना" सहित राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों के संबंध में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से प्रशासन द्वारा राजस्व प्रकरणों का त्वरित निस्तारण, पट्टा वितरण तथा जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ सहज एवं पारदर्शी रूप से उपलब्ध हो रहा है।

إرسال تعليق