राजसमंद जिले के नाथद्वारा
रिपोर्ट गोविंद त्रिपाठी की
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के तत्वावधान में गुरुवार को सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बस स्टैंड से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए पहुंचे लोगों ने उपखंड कार्यालय में उपखंड अधिकारी भगीरथ सिंह को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में राज्य सरकार द्वारा 26 जुलाई को जारी सफाई कर्मचारी भर्ती की विज्ञप्ति का कड़ा विरोध जताया गया है। यूनियन के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस विज्ञप्ति में कर्मचारियों को मात्र ₹7,400 के मासिक वेतन पर संविदा कर्मी के रूप में रखने का प्रावधान किया गया है, जिसमें स्थाई नियुक्ति की समय-सीमा का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं है।
यूनियन की मांग है कि वर्ष 2012-13 की भांति 100% वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता देते हुए संविदा के बजाय स्थाई सफाई कर्मचारियों के पदों पर ही नियुक्तियां दी जाएं।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के संभाग अध्यक्ष सुरेश छापरवाल और प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस भर्ती विज्ञप्ति में जल्द संशोधन नहीं किया, तो उदयपुर संभाग की समस्त नगर पालिकाओं, परिषदों और नगर निगमों में चरणबद्ध आंदोलन व हड़ताल का मार्ग अपनाया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर वाल्मीकि समाज और संगठन से जुड़े कई महिला-पुरुष व यूनियन कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Post a Comment