जीला -प्रतापगढ
तहसील -छोटीसादडी
रिपोर्टर -प्रहलाद जणवा
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
प्रतापगढ़, 20 जुलाई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत जिला कलक्टर शुभम चौधरी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स एवं कन्वर्जेंस बैठक सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, गत वर्ष दिए गए निर्देशों की अनुपालना तथा वर्ष 2026-27 के एक्शन प्लान के अनुसार आगामी तिमाही में प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला कलक्टर ने आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में लाडो प्रोत्साहन योजना, कालीबाई भील उड़ान योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह अनुदान योजना, शिक्षा सेतु योजना तथा महिलाओं के कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग योजनाओं एवं महिलाओं के अधिकारों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ नियमानुसार एवं समयबद्ध रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें।
जिला कलक्टर ने एनीमिया की रोकथाम के संबंध में चर्चा करते हुए महिला एवं बालिका पोषण तथा स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने उड़ान योजना के तहत सेनिटरी पेड्स का नियमानुसार शत प्रतिशत वितरण करने के लिए कहा। ड्रॉप आउट दर की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय छोड़ चुकी बालिकाओं की पहचान कर उन्हें पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संबंधित विभाग समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक नेहा माथुर ने इस सम्बन्ध में विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही के बारे में बताया।
बैठक में सहायक निदेशक, महिला अधिकारिता विभाग ने पीपीटी के माध्यम से विभिन्न लक्ष्यों के विरुद्ध अब तक की प्रगति, वित्तीय प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन, बेबी किट वितरण, हेल्पलाइन नंबरों की वॉल पेंटिंग सहित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई हैं। साथ ही बालिका हितैषी ग्राम पंचायत विकास योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई।

إرسال تعليق