मंडावर में भाजपा का चुनावी बिगुल, 25 वार्डों से 120 दावेदारों ने ठोकी ताल।



रिपोर्टर/मनोज खंडेलवाल

लोकेशन/मंडावर

मंडावर। नगरपालिका चुनाव 2026 को लेकर भाजपा ने मंडावर में चुनावी तैयारियों का बिगुल बजा दिया है। अस्पताल रोड स्थित पंचायती धर्मशाला में क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र मीणा की अध्यक्षता में भाजपा की महत्वपूर्ण चुनावी बैठक आयोजित हुई। बैठक में 25 वार्डों से भाजपा के टिकट के लिए 120 दावेदारों के बायोडाटा सामने आए, जिससे टिकट को लेकर पार्टी के भीतर बढ़ती दावेदारी साफ नजर आई।

डबल इंजन सरकार में विकास की नहीं रहेगी कमी, खिलेगा कमल और बनेगा भाजपा का बोर्ड—राजेंद्र मीणा।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार में क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार तथा महवा में भाजपा विधायक होने के बाद अब मंडावर नगरपालिका में भी भाजपा का बोर्ड बनाना कार्यकर्ताओं और आमजन की जिम्मेदारी है। विधायक ने दावा किया कि इस बार मंडावर में कमल खिलेगा और भाजपा का बोर्ड बनेगा।

25 वार्ड, 120 दावेदार... टिकट के लिए बढ़ी सियासी होड़।

भाजपा ने मंडावर के 25 वार्डों के लिए वार्ड प्रभारी और 23 सह-प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। बैठक में चुनावी तैयारियों और संगठन की आगामी रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए गए। 27 से 31 अगस्त तक सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल होंगे, जबकि 3 सितंबर दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। प्रत्याशी के चुनाव खर्च की सीमा 1.50 लाख रुपए तय की गई है और मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा।

मंडावर क्षेत्र से दो दर्जन से अधिक नए चेहरे भाजपा में हुए शामिल।

बैठक के दौरान पूरण सैनी, ज्ञानप्रकाश सैनी, कैलाश साहू, राहुल प्रजापत, महेशचन्द सैनी, महेन्द्र सैनी, लोकेश सैनी, खेमराज सैनी, पप्पू सैनी, सुरेश सैनी, अजीराम सैनी, अनिल हरिजन, राहुल सैनी, रामभरोसी, विष्णु खंडेलवाल, हेमंत खंडेलवाल और कुसुमलता राजपूत सहित करीब दो दर्जन से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। विधायक एवं पार्टी पदाधिकारियों ने सभी का माला और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।


बैठक में जिला संगठन प्रभारी प्रवेंद्र शर्मा, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राजपूत, चुनाव संयोजक श्याम जैन, जिला अध्यक्ष लक्ष्मी, सह संयोजक जितेंद्र राजावत सहित भाजपा के पदाधिकारी, मंडल कार्यकारिणी, कार्यकर्ता और टिकट के दावेदार मौजूद रहे।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم