बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम के दिए सफलता के सूत्र



 










जीला -प्रतापगढ 

तहसील -छोटीसादडी 

रिपोर्टर -प्रहलाद जणवा  

अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक नरेंद्र सिंह सिसौदिया ने किया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अरनोद का निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया प्रेरक संवाद

अरनोद, प्रतापगढ़। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र सिंह सिसौदिया ने शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अरनोद का निरीक्षण कर शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं मध्याह्न भोजन (एमडीएम) व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एमडीएम भंडार गृह में खाद्यान्न की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं रख-रखाव का अवलोकन किया तथा प्रभारी जिप्सी स्टाइलीन को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर बल दिया।

निरीक्षण के पश्चात श्री सिसौदिया ने कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद कर बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, सतत अभ्यास, आत्मअनुशासन एवं सकारात्मक सोच को सफलता का आधार बताते हुए कहा कि "सपने वही साकार होते हैं, जिनके पीछे निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प होता है।" उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन एवं आत्मविश्वास के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया, जिससे वे बोर्ड परीक्षा में उच्च प्रतिशत अंक अर्जित कर अपने विद्यालय, अभिभावकों एवं क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री श्याम लाल गायरी सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। श्री सिसौदिया ने शिक्षकों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को और अधिक सुदृढ़ बनाने, नियमित मूल्यांकन, नवाचार आधारित शिक्षण तथा प्रत्येक विद्यार्थी पर व्यक्तिगत ध्यान देकर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

विद्यालय में प्रथम आगमन पर प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण ने श्री सिसौदिया का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। विद्यालय परिवार ने उनके प्रेरणादायी मार्गदर्शन को विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं उत्साहवर्धक बताया।



0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post