मुंसिफ मजिस्ट्रेट संजना मीणा ने बच्चों को सिखाए गुड टच और बैड टच के सबक; चाइल्ड हेल्पलाइन का उपयोग करने की दी सलाह

 


 संवाददाता- परमसुख सैनी 

 लोकेशन- बयाना 


बयाना। कस्बे के गिरिजा चिल्ड्रंस उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को कानून व सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक दिवसीय विधिक शिक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित मुंसिफ मजिस्ट्रेट संजना मीणा ने छात्र-छात्राओं को गुड टच, बैड टच तथा मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना की पहचान और उससे बचाव के व्यावहारिक उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को पोक्सो (POCSO) अधिनियम के कड़े प्रावधानों से अवगत कराते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में डरने की आवश्यकता नहीं है।

मुंसिफ मजिस्ट्रेट ने बच्चों को आपातकालीन स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन और पुलिस हेल्पलाइन नंबरों का तुरंत उपयोग करने का सुझाव दिया। साथ ही, बच्चों को प्रेरित किया कि वे पूरे आत्मविश्वास के साथ किसी भी समस्या या घटना की जानकारी अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों तक पहुँचाएं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की निदेशक रेणु मिश्रा ने की, जबकि मंच संचालन हेमंत कुमार द्वारा किया गया। समारोह के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत लवी मिश्रा और प्रियंका सैनी ने किया तथा अंत में आभार नरेश शर्मा और अक्षत मिश्रा द्वारा व्यक्त किया गया।

विद्यालय परिवार ने इस तरह के जागरूकता शिविरों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास व सुरक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार कराने की बात कही।

Comments