बीकापुर। तहसील क्षेत्र में बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कस्बा बीकापुर सहित दराबगंज, काजी सराय, खजुरहट, चौरे बाजार, गंडई और कोछा बाजार समेत विभिन्न स्थानों पर गाजे-बाजे के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया।
पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की यौमे पैदाइश के मौके पर 12 रबी-उल-अव्वल को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जायरीन शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने स्टॉल लगाकर जुलूस में शामिल लोगों को ठंडा पानी, मीठा शरबत और नाश्ता वितरित किया। इस दौरान मोहम्मद साहब की शान में कसीदे पढ़े गए और देश में अमन, चैन एवं भाईचारे की दुआ मांगी गई।
बीकापुर कस्बे में निकला भव्य जुलूस
बीकापुर में दरगाह के गद्दीनशीन बाबा नसरुद्दीन शाह कादरी की दरगाह से जुलूस-ए-मोहम्मदिया निकाला गया। जुलूस प्रयागराज हाईवे पर करीब दो किलोमीटर तक चला और वापस दरगाह के पास पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस में भारी संख्या में जायरीन ने भाग लिया। इस दौरान सरकार की शान में कसीदे पढ़े गए।
गद्दीनशीन नसरुद्दीन शाह कादरी ने लोगों को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने के लिए धन्यवाद दिया तथा स्थानीय प्रशासन की मुस्तैदी की सराहना की।
दराबगंज से जामा मस्जिद तक निकला जुलूस
दराबगंज से बीकापुर जामा मस्जिद तक निकाले गए जुलूस में प्रधान अहमद रजा, अजमत सहित कई प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया। लोगों ने पैगंबर-ए-इस्लाम के जन्मदिन के मौके पर नेक रास्ते पर चलने, सच्चाई अपनाने और आपसी भाईचारा कायम रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रशांत श्रीवास्तव, शरीफ खान, नसीब खान, अजमत खान, आबाद अहमद एडवोकेट, अहमद रजा, मोहम्मद कलीम कादरी, मोहम्मद नसीम कादरी, नसरुद्दीन शाह कादरी, महमूद अहमद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जामा मस्जिद बीकापुर की कमेटी के पदाधिकारियों एवं पेश इमाम की कयादत में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का कार्यक्रम पूरे जोश, मोहब्बत और अमन-चैन के संदेश के साथ संपन्न हुआ। इसमें बीकापुर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
जुलूस और कार्यक्रमों को लेकर कोतवाली पुलिस जगह-जगह मुस्तैद रही। कोतवाल देवेंद्र पांडेय ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के सभी स्थानों पर बारावफात का पर्व शांतिपूर्ण माहौल और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुआ।
إرسال تعليق