चार दिन से लापता एवीवीएनएल कर्मचारी का सुराग नहीं, साथियों ने एसडीएम और डीवाईएसपी को सौंपा ज्ञापन; तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

 

जिला -प्रतापगढ 

तहसील -छोटीसादडी 

रिपोर्टर -प्रहलाद जणवा 


छोटीसादड़ी। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के तकनीकी कर्मचारी गोपाल कृष्ण शर्मा के चार दिन से लापता होने के मामले में गुरुवार को निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और परिजनों ने एसडीएम और डीएसपी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द उनकी तलाश की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञापन में बताया गया कि रंभावली निवासी गोपाल कृष्ण शर्मा, जो एवीवीएनएल में तकनीकी कर्मचारी हैं, पिछले चार दिनों से लापता हैं। इस संबंध में छोटीसादड़ी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। 

कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विशेष टीम गठित कर गोपाल कृष्ण शर्मा की शीघ्र तलाश कराई जाए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि आगामी तीन दिनों में गोपाल कृष्ण शर्मा का पता नहीं चलता और जांच में अपेक्षित प्रगति नहीं होती है, तो एवीवीएनएल के अधिकारी एवं कर्मचारी जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन सौंपने में एवीवीएनएल अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने प्रशासन से मामले में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की मांग की।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post