91 किलो 790 ग्राम गांजा, 93 लीटर अवैध शराब एवं दो कार जब्त
कुल ₹24,86,910 का मशरूका जब्त, 04 आरोपी चिन्हित—02 गिरफ्तार, 02 फरार
पुलिस अधीक्षक स्वयं पहुंचे मौके पर, घटनास्थल का बारीकी से किया निरीक्षण
सिंगरौली। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा श्री हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के पर्यवेक्षण तथा नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री ललित बैरागी की उपस्थिति में मकरोहर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सिंगरौली द्वारा गठित संयुक्त पुलिस टीम को ग्राम मकरोहर क्षेत्र में बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा एवं शराब के भंडारण एवं बिक्री के संबंध में विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई। सूचना की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त पुलिस टीम द्वारा तत्काल योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थानों पर दबिश दी गई, जहां से बड़ी मात्रा में अवैध गांजा एवं शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. स्वयं मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बरामद मादक पदार्थ, अवैध शराब एवं वाहनों के संबंध में की जा रही वैधानिक कार्रवाई की जानकारी ली तथा घटनास्थल से जुड़े प्रत्येक पहलू की सूक्ष्मता से समीक्षा की। साथ ही प्रकरण की संपूर्ण कड़ियों, मादक पदार्थ के स्रोत, परिवहन के माध्यम, आपूर्ति एवं वितरण से जुड़े व्यक्तियों के संबंध में गहन विवेचना कर संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस कार्रवाई के दौरान 91 किलो 790 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹18,35,800 (अठारह लाख पैंतीस हजार आठ सौ रुपए) तथा 93 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹51,110 (इक्यावन हजार एक सौ दस रुपए) है, जब्त की गई।
अवैध मादक पदार्थ एवं शराब के परिवहन/तस्करी में प्रयुक्त होंडा कंपनी की कार क्रमांक WB06A5526 तथा टाटा कंपनी की कार क्रमांक UP64U7303 भी जब्त की गईं। दोनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत ₹6,00,000 (छह लाख रुपए) है।
पुलिस ने मौके से आरोपी भूपेन्द्र सिंह, पिता किशुन सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम मकरोहर, चौकी सासन, थाना बैढ़न, जिला सिंगरौली एवं सुशील सिंह, पिता राज रावण सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम मकरोहर, चौकी सासन, थाना बैढ़न, जिला सिंगरौली को गिरफ्तार किया है।
प्रकरण में कुल 04 आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 02 आरोपी फरार हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही आरोपियों के आपसी संपर्क, मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला एवं अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना की जा रही है।
इस प्रकार सिंगरौली पुलिस ने उक्त कार्रवाई में 91 किलो 790 ग्राम गांजा, 93 लीटर अवैध शराब एवं दो कार सहित कुल ₹24,86,910 (चौबीस लाख छियासी हजार नौ सौ दस रुपए) का मशरूका जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
सिंगरौली पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण, परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। मादक पदार्थों की अवैध आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े प्रत्येक स्तर तक पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं।
सराहनीय भूमिका
उक्त संपूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिंगरौली द्वारा गठित संयुक्त पुलिस टीम द्वारा आपसी समन्वय, सतर्कता एवं योजनाबद्ध तरीके से की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक पवन सिंह, उप निरीक्षक उदय करिहार एवं चौकी प्रभारी सासन उप निरीक्षक बी.एल. बंसल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
إرسال تعليق