नाथद्वारा
रिपोर्टर- गोविंद त्रिपाठी
नाथद्वारा नगर के अति व्यस्ततम लालबाग चौराहे पर बहुप्रतीक्षित अंडरपास का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। कार्य शुरू होने के साथ ही लालबाग संघर्ष समिति और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है और आगामी पालिका चुनाव के बहिष्कार को खत्म करने का बड़ा ऐलान किया है।
अंडरपास निर्माण का कार्य शुरू नहीं होने तक स्थानीय निवासियों और संघर्ष समिति ने वार्ड संख्या 39 और 40 के पालिका चुनावों का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने का निर्णय लिया था, जिसे अब वापस ले लिया गया है।
मंगलवार को ठेकेदार को कार्य शुरू करने के आदेश मिलने के बाद, आज भारी संसाधनों के साथ ठेकेदार के कार्मिक मौके पर पहुंचे और काम शुरू किया गया, निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत भाजपा नगर अध्यक्ष प्रवीण जोशी, कमलेश अजमेरा व अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में की गई।
लालबाग संघर्ष समिति के संयोजक व पूर्व पार्षद पूरण श्रीमाली ने कहा कि समिति की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने इस कार्य को धरातल पर लाने के लिए विधायक महोदया, सांसद महोदय, उनके पीए और नगर अध्यक्ष के प्रयासों की सराहना की और उनका आभार व्यक्त किया।
श्रीमाली ने बताया कि हमारी बात हुई है और सांसद महोदया ने बताया है कि कार्य चालू हो गया है। इसके लिए अथक प्रयासों के बाद लगभग 15 करोड़ रुपये का नया टेंडर किया गया है। हमारी मांग पूरी होने के बाद अब लालबाग संघर्ष समिति चुनाव के बहिष्कार को पूरी तरह से खत्म करती है और हम संपूर्ण तरीके से चुनाव प्रक्रिया में भाग लेंगे।
इस अंडरपास के निर्माण से नाथद्वारा के लालबाग चौराहे पर लगने वाले जाम से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
إرسال تعليق