राखियों की चमक से गुलजार हुआ मंडावर, मिठाई-चूड़ियों से लेकर उपहार तक खूब हुई खरीदारी।
रिपोर्टर/मनोज खंडेलवाल
लोकेशन/मंडावर
दौसा के मंडावर में रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। भाई की कलाई पर स्नेह का धागा बांधने बहनें मायके पहुंचीं तो मंडावर का मुख्य बाजार भी राखियों और खरीदारी की रौनक से गुलजार नजर आया। नए बस स्टैंड से गांधी चौक तक राखी, मिठाई, कपड़े, चूड़ी और उपहारों की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही।
रंग-बिरंगी राखियों ने खींचा महिलाओं और बच्चों का ध्यान।
बाजार में कार्टून और खिलौना राखियों से लेकर गोट-पत्ती, मोर पंख और लाइट वाली आकर्षक राखियां खूब पसंद की गईं। कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद राखियों की खरीदारी पर खास असर नहीं दिखा। भाई भी बहनों के लिए उपहार खरीदते नजर आए।
मिठाई की दुकानों पर रक्षाबंधन को लेकर खास तैयारी की गई थी। मलाई के घेवर की मांग सबसे ज्यादा रही। चीनी के दाम बढ़ने से मिठाइयों की कीमतों में करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी बताई गई, इसके बावजूद मिठाई और नमकीन की बिक्री में उत्साह बना रहा।
रक्षाबंधन पर्व पर चूड़ा-चुनरी की रस्म ने बढ़ाई बाजार की रौनक।
चूड़ा-चुनरी और सुहाग सामग्री की खरीदारी के लिए मणिहारी और चूड़ी की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ रही। वहीं बहनों के मायके जाने से बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की संख्या बढ़ गई। महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा के चलते रोडवेज बसों में भीड़ रही और कई यात्रियों को सीट के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
भद्रा नहीं होने से दिनभर रहा राखी बांधने का शुभ मुहुर्त।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार भद्रा का व्यवधान नहीं होने से दिनभर राखी बांधने के शुभ अवसर रहे। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक कर आरती उतारी और राखी बांधी, वहीं भाइयों ने रक्षा का वचन देते हुए बहनों को उपहार दिए।
कुल मिलाकर रक्षाबंधन ने मंडावर के बाजारों में रिश्तों की मिठास के साथ कारोबार की भी रौनक बढ़ा दी। राखियों से सजी दुकानें, मिठाइयों की खुशबू और खरीदारी को उमड़ी भीड़ पूरे दिन त्योहार का रंग बिखेरती नजर आई।
إرسال تعليق