ऑपरेशन जनजागरूकता के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों पर जीरो टॉलरेंस
सिंगरौली। जिला कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश एवं जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग द्वारा जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिले में मालवाहक एवं यात्री वाहनों की सघन जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी है।
ऑपरेशन जनजागरूकता के अंतर्गत सुलियरी माइंस–अडानी–गजरा बहरा मार्ग पर विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान मालवाहक पिकअप वाहनों का नियम विरुद्ध एवं असुरक्षित रूप से यात्री परिवहन में उपयोग किया जाना पाए जाने पर 04 पिकअप वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई हेतु मोरवा थाना परिसर में सुरक्षित रखवाया गया है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मालवाहक वाहन का निर्धारित प्रयोजन के विपरीत यात्री परिवहन में उपयोग करना सड़क सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर अनियमितता है। ऐसे मामलों में वाहन के विरुद्ध प्रचलित नियमों के तहत कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
₹3,75,500 राजस्व की वसूली
विशेष जांच अभियान के दौरान विभिन्न परिवहन नियमों के उल्लंघन में कार्रवाई करते हुए ₹3,75,500 का राजस्व वसूल किया गया।
जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG15ED8055 में परमिट संबंधी अनियमितता पाए जाने पर वाहन को E-डिटेन किया गया तथा ऑनलाइन शासकीय रसीद जारी की गई।
इसके अतिरिक्त—
खुले में मिट्टी, गिट्टी, कोयला एवं फ्लाई ऐश का परिवहन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई।
क्षतिग्रस्त बॉडी एवं खराब टायर वाले वाहनों की जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई।
बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों के वाहन संचालन पर कार्रवाई।
बिना बिल्टी एवं रॉयल्टी के अनियमित परिवहन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई।
सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई।
सड़क सुरक्षा के लिए विशेष पहल
RTO चेक पॉइंट सिंगरौली द्वारा मालवाहक एवं यात्री वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही समाजसेवियों के सहयोग से सड़क किनारे मौजूद आवारा पशुओं पर भी रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, जिससे रात्रि एवं कम दृश्यता की स्थिति में उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहायता मिले।
नियम उल्लंघन पर होगी कठोर कार्रवाई
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों एवं चालकों को निर्देशित किया है कि वे वाहन का संचालन निर्धारित परमिट, फिटनेस, पंजीयन, लाइसेंस एवं अन्य वैधानिक दस्तावेजों के अनुरूप ही करें। वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक अथवा अनधिकृत रूप से यात्रियों का परिवहन न किया जाए।
वाहन चालकों से नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने, सड़क सुरक्षा नियमों का पूर्णतः पालन करने तथा आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन जनजागरूकता के अंतर्गत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी तथा प्रचलित प्रावधानों के तहत निरंतर कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
RTO चेक पॉइंट सिंगरौली द्वारा ऑपरेशन जनजागरूकता, जीरो टॉलरेंस एवं सड़क सुरक्षा अभियान निरंतर जारी रहेगा।

إرسال تعليق