जिला- प्रतापगढ़
संवाददाता- प्रहलाद जणवा
छोटीसादड़ी। नगर पालिका चुनाव को लेकर शहर में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। छोटीसादड़ी नगर पालिका के 25 वार्डों में होने वाले चुनाव के लिए कुल 98 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब शहर में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।
चुनावी मैदान में कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, आरएलपी सहित निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की है। कई वार्डों में अलग-अलग दलों के प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक होने के आसार नजर आ रहे हैं।
नामांकन दाखिल करने के अंतिम चरण तक प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। नामांकन के बाद प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों में मतदाताओं से संपर्क शुरू कर दिया है। अब चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से समर्थन मांगेंगे।
उपखंड अधिकारी यतीन्द्र पोरवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुई है। नामांकन दाखिल होने के बाद अब चुनावी तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है।
25 वार्डों में होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने भी अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। वहीं प्रत्याशियों की ओर से जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के साथ शहर का राजनीतिक माहौल और गर्म होने की संभावना है।
Post a Comment