अलवर
एसीबी. मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी भिवाड़ी द्वारा मंगलवार को कार्यवाही करते हुए आरोपी सहायक अभियंता शिवराम पंचायत समिति कठूमर, को 25,000 रुपये तथा आरोपिया कनिष्ठ अभियंता श्रीमती मिन्ना खान पंचायत समिति कठूमर को दस हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी भिवाड़ी को एक शिकायत मिली की फर्म मैसर्स पोसवाल कम्पनी द्वारा ग्राम पंचायत में एफएसएसी योजना के अन्तर्गत टेण्डर के माध्यम से राजीव गांधी सेवा केन्द्र ईटोला का मरम्मत कार्य करवाया गया था। उक्त कार्य के 2,52,000 रुपये के बिल का भुगतान पंचायत समिति कठूमर में लंबित था। बिल के भुगतान के संबंध में परिवादी द्वारा सहायक अभियंता शिवराम, सहायक एवं श्रीमती मिन्ना खान, कनिष्ठ अभियंता से सम्पर्क किया गया तो सहायक अभियंता द्वारा उक्त बिल पास करने की एवज में चालीस हजार रुपये तथा कनिष्ठ अभियंता द्वारा पन्द्रह हजार रुपये रिश्वत की मांग कर परिवादी को परेशान किया जा रहा था।
इस पर दिनांक 18 सितम्बर 2026 को एसीबी द्वारा रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी शिवराम द्वारा परिवादी से 40,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई तथा परिवादी द्वारा राशि कम करवाने पर 35,000 रुपये में सहमत होकर 10,000 रुपये मौके पर ही प्राप्त करना एवं 25,000 रुपये और लेने के लिए सहमत होना पाया गया। इसी प्रकार आरोपिया श्रीमती मिन्ना खान, कनिष्ठ अभियंता द्वारा परिवादी से 15,000 रुपये रिश्वत की मांग कर 5,000 रुपये मौके पर ही प्राप्त करना तथा 10,000 रुपये और मांगना स्पष्ट रूप से पाया गया।
जिस पर एसीबी. चौकी भिवाड़ी द्वारा डॉ. रामेश्वर सिंह, उप महानिरीक्षक पुलिस ए.सी.बी. के सुपरवीजन में ए.सी.बी. चौकी भिवाड़ी के प्रभारी एवं टीएलओ सुरजीत सिंह, पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी श्री शिवराम को 25,000 रुपये तथा आरोपिया श्रीमती मिन्ना खान को 10,000 रुपये रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस. परिमाला के सुपरवीजन में आरोपीगण से पूछताछ एवं कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।

إرسال تعليق