छोटीसादड़ी (प्रतापगढ़)। वन विभाग के रेंजर प्रतापसिंह चुण्डावत हत्याकांड मामले में छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग व वृत्ताधिकारी वृत्त छोटीसादड़ी रमेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी कैलाशचन्द्र के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने अवैध खनन में संलिप्त जेसीबी व ट्रैक्टर मालिक प्रकाश धाकड़ और अवैध खनन करवाने वाले दिनेश मोग्या सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अवैध खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया है।
घटना का विवरण:
22.09.2026 को प्रार्थी सुरेश पिता माधुलाल मेघवाल हाल वनरक्षक रेंज छोटीसादड़ी ने रिपोर्ट दी थी कि 21.09.2026 को वनखण्ड सुक्कड़ मोहनपुरा तलाई के पास अवैध खनन की सूचना पर रेंजर प्रतापसिंह मय जाप्ता मौके पर गए थे। वहां चल रही जेसीबी, ट्रैक्टर, डम्पर को रुकवाया गया तो अवैध खननकर्ताओं ने गाली-गलौच और धक्का-मुक्की कर राजकार्य में बाधा पहुंचाई। इसी दौरान मिट्टी से भरा डम्पर लेकर चालक मौके से भागा। रेंजर ने पीछा किया तो घाटी वाले बालाजी मन्दिर रोड पर डम्पर चालक ने जानबूझकर रेंजर के ऊपर डम्पर चढ़ाकर हत्या कर दी।
पुलिस कार्रवाई:
मामले के मुख्य आरोपी कन्हैयालाल उर्फ कान्हा पिता चौंदमल बावरी उम्र 22 साल निवासी धामनिया रोड को पुलिस ने 25.09.2026 को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था।
अनुसंधान के दौरान आज दिनांक 27.09.2026 को 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया -
1. प्रकाश पिता रंगलाल धाकड़ उम्र 42 साल निवासी मोहनपुरा (जेसीबी व ट्रैक्टर मालिक)
2. हरिश पिता प्रकाश धाकड़ उम्र 19 साल निवासी मोहनपुरा (मौके पर जेसीबी चलाने वाला)
3. विक्रम पिता नानुराम मोग्या उम्र 18 साल निवासी पीथलवाड़ी खुर्द (ट्रैक्टर चालक)
4. दिनेश पिता ताराचन्द मोग्या उम्र 34 साल निवासी पीथलवाड़ी खुर्द (अवैध खनन कर मिट्टी भरवाने वाला)
5. नारायण पिता खानुराम मीणा उम्र 25 साल निवासी अखेपुर कालाखेत थाना धोलापानी (जेसीबी चालक)
सभी आरोपियों से अनुसंधान जारी है। अभियुक्तों को कल न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त किया जाएगा।

Post a Comment