रिपोर्टर/मनोज खंडेलवाल
लोकेशन/मंडावर
मंडावर। मंडावर नगर पालिका चुनाव में बुधवार को मतदाताओं ने जमकर मतदान किया। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन दोपहर तक इसमें तेजी देखने को मिली। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने तक नगरपालिका के सभी 25 वार्डों में कुल 12,364 मतदाताओं में से 10,144 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह मंडावर में कुल 82.04 फीसदी मतदान दर्ज हुआ।
*कुल 11 मतदान केन्द्रों पर रही सभी 25 वार्डों की जिम्मेदारी।*
मंडावर नगरपालिका क्षेत्र में कुल 11 मतदान केन्द्र बनाए गए थे, जिनके माध्यम से सभी 25 वार्डों में मतदान कराया गया। मतदान केन्द्रों पर दिनभर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही और चुनाव मैदान में भाजपा, कांग्रेस तथा निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थक भी सक्रिय नजर आए।
*पहली बार वोट डालने वालों में उत्साह, बुजुर्गों-दिव्यांगों ने भी निभाई जिम्मेदारी।*
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। वहीं बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी लोकतंत्र के इस पर्व में पीछे नहीं रहे। मतदान केन्द्रों पर तैनात एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स ने व्हीलचेयर की मदद से जरूरतमंद मतदाताओं को मतदान बूथ तक पहुंचाया। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने भी बुजुर्गों एवं दिव्यांग मतदाताओं को घरों से मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने में सहयोग किया।
-संवेदनशील केन्द्रों पर कड़ा पहरा, कहीं नहीं हुई कोई अप्रिय घटना।*
मंडावर में 11 मतदान केन्द्र संवेदनशील और 4 केन्द्र अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखे गए थे। इसके चलते मतदान केन्द्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार गश्त करते हुए व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना सामने नहीं आई।
*पर्यवेक्षक व जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया मतदान व्यवस्थाओं का जायजा।*
निर्वाचन पर्यवेक्षक डॉ. टी. शुभमंगला और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान दलों से मतदान की प्रगति की जानकारी ली और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*दोपहर बाद सुस्त हुई रफ्तार, शाम छह बजे बंद हुए केन्द्रों के दरवाजे।*
दोपहर तक अधिकांश मतदान केन्द्रों पर मतदान करीब 55 फीसदी तक पहुंच चुका था। हालांकि शाम होते-होते मतदान की रफ्तार धीमी पड़ गई। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों के एजेंटों की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों ने ईवीएम को नियमानुसार सील किया और आवश्यक दस्तावेज सौंपे।
*कड़ी पुलिस सुरक्षा में ईवीएम पहुंची मतगणना केन्द्र पेच स्कूल।*
मतदान खत्म होने के बाद सभी ईवीएम मशीनों को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडावर यानी पेच स्कूल स्थित मतगणना केन्द्र पहुंचाया गया और संबंधित चुनाव अधिकारी की मौजूदगी में जमा कराया गया। इसके साथ ही मंडावर नगरपालिका के चुनाव मैदान में उतरे सभी प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया है।
*क्षेत्र में हुए कुल 82.04 फीसदी मतदान ने बढ़ाई सभी की धड़कनें।*
मंडावर में 82.04 फीसदी मतदान के बाद अब प्रत्याशी और उनके समर्थक अपने-अपने जीत के समीकरण बैठाने में जुट गए हैं। किस वार्ड में किसके पक्ष में मतदाताओं का रुख रहा, इसका खुलासा फिलहाल ईवीएम में बंद है। अब सबकी नजरें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।
यानी मंडावर की 25 वार्डों वाली चुनावी बिसात पर मतदाताओं ने अपना फैसला सुना दिया है, लेकिन फैसला किसके पक्ष में है, इसका राज 14 सितंबर को ईवीएम खुलने के बाद ही सामने आएगा।
إرسال تعليق