अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर कार्यशाला आयोजित


 

साक्षरता की गति बढ़ाने और डिजिटल साक्षरता पर दिया जोर


गंगरार। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर 8 सितंबर को स्थानीय पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगरार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार काकानी ने की। मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गंगरार चांदमल खटीक रहे। विशिष्ट अतिथि आरपी रतनलाल जांगिड़ एवं राज्य पुरस्कार से पुरस्कृत शिक्षक अशोक कुमार कोंचिटा रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए ब्लॉक साक्षरता समन्वयक भेरूलाल गंधर्व ने अतिथियों का स्वागत किया तथा ब्लॉक में संचालित साक्षरता संबंधी विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।


इस अवसर पर आरपी रतनलाल जांगिड़ ने साक्षरता की आवश्यकता वाले क्षेत्रों में जागरूकता लाने तथा डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि अशोक कुमार कोंचिटा ने सभी साक्षरता प्रभारियों से सेवा भावना एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।


मुख्य अतिथि चांदमल खटीक ने कहा कि साक्षरता अभियान की गति को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता है। जरूरतमंद बस्तियों में समर्पण भाव से कार्य करते हुए अधिक से अधिक लोगों को साक्षरता से जोड़ना चाहिए। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों को भी पूर्ण मनोयोग से अध्यापन करवाने तथा उनके शैक्षिक स्तर को ऊंचा उठाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।


कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे पीएम श्री विद्यालय प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार काकानी ने साक्षरता को वैदिक काल से जोड़ते हुए कहा कि उस समय श्रुति परंपरा के माध्यम से ज्ञान प्राप्त किया जाता था। सुनकर प्राप्त किया गया ज्ञान दीर्घकालीन और प्रभावी होता था। उन्होंने वर्तमान समय में भी ज्ञान और शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।


कार्यशाला में प्रेरक जितेंद्र पटवा, बनवारी लाल बेनीवाल एवं मोनिका साल्वी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर साक्षरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रेरकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम का संचालन राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ गंगरार के सचिव भूरालाल शर्मा ने किया। कार्यशाला का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم