छोटी बीमारी से लेकर डिलीवरी तक मरीज रेफर, जांचों के लिए भी बाहर की दौड़—जनसंपर्क के दौरान पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना के सामने छलका आमजन का दर्द*


 जिला चित्तौड़गढ़ 

तहसील निंबाहेड़ा 

रिपोर्टर पप्पु देतवाल 

*निम्बाहेड़ा अस्पताल की बदहाली पर फूटा जनाक्रोश*


निम्बाहेड़ा। नगर में जनसंपर्क अभियान के दौरान निम्बाहेड़ा जिला चिकित्सालय की चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर आमजन में नाराजगी सामने आई। लोगों ने पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना से मुलाकात के दौरान अस्पताल की बिगड़ती व्यवस्थाओं की शिकायत करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बीमारियों के उपचार से लेकर डिलीवरी जैसे मामलों में भी मरीजों को चित्तौड़गढ़ और उदयपुर रेफर किया जा रहा है। वहीं कई आवश्यक जांचों के लिए मरीजों को अस्पताल से बाहर भेजे जाने की बात भी लोगों ने रखी।

*इलाज के लिए अस्पताल, फिर रेफर का पर्चा!*


आमजन ने बताया कि निम्बाहेड़ा का जिला चिकित्सालय क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों के लिए प्रमुख चिकित्सा केंद्र है। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने के कारण मरीजों को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है। इससे मरीजों के साथ उनके परिजनों को भी समय, पैसा और परेशानी उठानी पड़ रही है।

डिलीवरी के लिए भी चित्तौड़-उदयपुर की दौड़

सबसे गंभीर मुद्दा प्रसव संबंधी मामलों को लेकर सामने आया। लोगों ने पूर्व मंत्री को बताया कि डिलीवरी के लिए भी मरीजों को बाहर रेफर किए जाने से गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। आमजन की मांग है कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक, आवश्यक जांच और प्रसूति संबंधी सुविधाओं को मजबूत किया जाए, ताकि सामान्य मामलों में मरीजों को दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़े।

जनता ने कहा—‘निम्बाहेड़ा को चाहिए बेहतर इलाज’

जनसंपर्क के दौरान लोगों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय में सुविधाओं का विस्तार होना चाहिए। जब अस्पताल जिला स्तर का है तो मरीजों को हर छोटी-बड़ी समस्या के लिए चित्तौड़गढ़ और उदयपुर क्यों जाना पड़े? यह सवाल अब आमजन के बीच चर्चा का विषय बनता जा रहा है।

पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पर चर्चा की। जनसंपर्क के दौरान सामने आई अस्पताल की यह समस्या अब आने वाले दिनों में निम्बाहेड़ा की स्थानीय राजनीति में भी बड़ा मुद्दा बन सकती है

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم