रिपोटर-प्रहलाद जणवा
*राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करें-संभागीय आयुक्त
प्रतापगढ़,2 सितंबर। संभागीय आयुक्त उदयपुर खजान सिंह ने नगरीय निकाय चुनाव 2026 के मद्देनजर बुधवार को समस्त प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक लेकर चुनाव तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी प्रभारियों की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी प्रकोष्ठ आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहे तथा प्रत्येक कार्य की नियमित रूप से समीक्षा की जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी शुभम चौधरी ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में नगरीय निकाय चुनाव की सभी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। सभी प्रकोष्ठ प्रभारी अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजयेश कुमार पंड्या ने पीपीटी के माध्यम से अब तक की गई सभी व्यवस्थाओं एवं कार्यों की प्रगति से संभागीय आयुक्त को अवगत करवाया। साथ ही समस्त प्रकोष्ठ प्रभारियों ने अपने-अपने प्रकोष्ठ द्वारा किए जा रहे एवं किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी।
बैठक में नगरीय निकाय निर्वाचन प्रकोष्ठ, मतदान दल एवं मतगणना प्रकोष्ठ, मतदान एवं मतगणना दलों के प्रशिक्षण संबंधी कार्य, कानून व्यवस्था प्रकोष्ठ, मीडिया प्रकोष्ठ, नाम निर्देशन एवं रिटर्निंग अधिकारियों से संबंधित कार्य, कार्मिक प्रकोष्ठ, आदर्श आचार संहिता प्रकोष्ठ, शिकायत निवारण प्रकोष्ठ, निर्वाचन एवं निर्वाचन व्यक्तियों से संबंधित कार्य, सामान्य व्यवस्था प्रकोष्ठ सहित समस्त प्रकोष्ठों द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। संभागीय आयुक्त ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में एसीईओ कैलाश चंद्र बसेर, तहसीलदार निर्वाचन हितेश सांचीहर, आयुक्त नगर परिषद जितेंद्र मीणा, निर्वाचन शाखा विवेक सिंह राठौर, गोकुलसिंह खानावत, राधेश्याम मीणा सहित समस्त प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे


إرسال تعليق