जिला छिंदवाड़ा mp
संतोष कुमार बाथरी
ट्रक एवं ट्रैक्टर एसोसिएशन एंड बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर के बैनर तले चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच आज सैकड़ों की संख्या में वाहन चालक और व्यवसायी रैली के रूप में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने थानों में खड़े वाहनों को तत्काल छोड़ने और खनिज विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग की है।
छिंदवाड़ा में ट्रक और ट्रैक्टर संचालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते आज बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। एसोसिएशन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वाहन चालक और बिल्डिंग मटेरियल से जुड़े व्यवसायी एकजुट हुए और रैली निकालकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे।
एसोसिएशन का दावा है कि जिले के अलग-अलग थानों में पिछले कई महीनों से करीब 400 से 500 ट्रैक्टर पुलिस अभिरक्षा में खड़े हैं। संगठन का कहना है कि लंबे समय तक वाहन थानों में खड़े रहने से वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि खनिज और परिवहन विभाग की कार्रवाई के चलते थानों में खड़े वाहनों को जल्द मुक्त किया जाए। साथ ही, अवैध परिवहन से जुड़े मामलों का निराकरण अन्य जिलों की तरह 3 से 8 दिनों के भीतर किया जाए, ताकि मामलों के निपटारे के लिए वाहन महीनों तक थानों में खड़े न रहें।
एसोसिएशन ने यह भी मांग रखी है कि वैध रॉयल्टी होने के बावजूद वाहनों को थाने में खड़ा करने की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा खदान से जितनी मात्रा में रेत या खनिज सामग्री भरी जाती है, उसी के अनुरूप रॉयल्टी पर्ची उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन के माध्यम से एसोसिएशन ने प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं और जल्द समाधान की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
एसोसिएशन के मुताबिक आने वाले समय में 500 से 600 ट्रकों के साथ शहर में रैली निकाली जाएगी। संगठन ने कहा है कि इतनी बड़ी संख्या में ट्रकों के शहर में उतरने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और पूरे शहर में जाम की स्थिति बन सकती है, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
बाइट योगेश राउत अध्यक्ष ट्रक एसोसिएशन
बाइट सिराज भाई अध्यक्ष टेक्टर एसोसिशन
إرسال تعليق