नाथद्वारा नगर पालिका चुनाव: प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने झोंकी पूरी ताकत ।

 राजसमंद जिले के नाथद्वारा से गोविंद त्रिपाठी की रिपोर्ट


नगर पालिका चुनावों के प्रचार अभियान के आखिरी दिन सोमवार को नाथद्वारा में राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर रहीं। मतदान से ठीक पहले सभी प्रमुख राजनैतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। शहर की सड़कों पर दिनभर वाहन रैलियों, जनसभाओं और घर-घर जनसंपर्क का दौर चलता रहा।

प्रचार के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी ने नगर के विभिन्न वार्डों में विशाल दुपहिया वाहन रैली निकाली। इस रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों ने पूरे नगर का भ्रमण करते हुए मतदाताओं से समर्थन की अपील की।

वहीं दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी भी मैदान में पीछे नहीं रही। पार्टी ने अपने प्रत्याशियों के साथ मिलकर शहर में वाहन रैली का आयोजन किया, जिसके जरिए मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की गई।


कांग्रेस पार्टी के प्रचार अभियान की अगुवाई पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने खुद संभाली। प्रचार के अंतिम दिन डॉ. जोशी ने मैराथन दौरा करते हुए नगर पालिका के कुल 40 वार्डों में से 20 वार्डों में जनसभाएं और जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं से सीधा संवाद किया और उन्हें जिताने की अपील की।


प्रचार अभियान के थमने के साथ ही अब सभी दलों की निगाहें मतदान के दिन पर टिक गई हैं। तीनों प्रमुख दलों  भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच नाथद्वारा नगर पालिका की सत्ता को लेकर मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मतदाता किस दल के पक्ष में अपना फैसला सुनाते हैं।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post