छोटीसादड़ी
सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चला। नगर के 25 वार्डों में कुल 14,670 मतदाता थे, जिनमें से 12,218 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल 83.27 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। मतदान को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में भी मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला।
मतदान के दौरान वार्ड 16 के मतदान केंद्र पर ईवीएम की कंट्रोल यूनिट में तकनीकी खराबी आने से करीब आधे घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। अधिकारियों की मौजूदगी में खराब मशीन को हटाकर दूसरी कंट्रोल यूनिट लगाई गई, जिसके बाद मतदान दोबारा सुचारु रूप से शुरू हुआ। इस दौरान मतदाताओं को कुछ देर इंतजार करना पड़ा।
वहीं वार्ड 14 में वोटर लिस्ट में दो जगह नाम होने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। दो मतदाताओं को मतदान से रोके जाने की सूचना पर कांग्रेस कार्यकर्ता मतदान केंद्र पहुंचे और विरोध जताया। पूर्व प्रधान मनोहरलाल आंजना, नगर कांग्रेस अध्यक्ष अमृतलाल बंडी सहित कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी भी मतदान केंद्र पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। जांच के बाद संबंधित दंपती को मतदान की अनुमति दे दी गई। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। कांग्रेस अध्यक्ष अमृतलाल बंडी ने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से मतदाताओं को मतदान से रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि प्रशासन की जांच के बाद दंपती ने मतदान किया।
प्रशासन रहा अलर्ट
मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। जिला कलेक्टर शुभम चौधरी और पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ ने भी छोटीसादड़ी पहुंचकर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ईवीएम में कैद हुई किस्मत
शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के साथ ही नगर पालिका के 25 वार्डों के प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। मतदान समाप्ति के बाद सभी ईवीएम मशीनों को पुलिस सुरक्षा के बीच पंचायत समिति के कृषि सेवा केंद्र में बनाए गए स्ट्रांग रूम में पहुंचाया गया। अब प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों को 14 सितंबर को होने वाली मतगणना का इंतजार है।
मतदान के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। विधायक श्रीचंद कृपलानी ने भाजपा के बड़े बहुमत से जीतने का दावा किया, वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना ने कांग्रेस के पक्ष में मजबूत मतदान होने की बात कही।
मतगणना से पहले दोनों प्रमुख दलों द्वारा प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। अब 14 सितंबर को मतगणना के बाद ही तस्वीर साफ होगी कि छोटीसादड़ी नगर पालिका में किस दल का बोर्ड बनेगा।

إرسال تعليق