छात्रावासों में विद्यार्थियों से संवाद कर सुविधाओं की ली जानकारी, नगर निकाय चुनाव की मतगणना तैयारियों का भी लिया जायजा
चित्तौड़गढ़, 1 सितंबर। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने मंगलवार को निंबाहेड़ा उपखंड क्षेत्र का दौरा कर विद्यालयों एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर अध्ययन, भोजन एवं आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। वहीं, नगर निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर नगर परिषद कम्युनिटी हॉल स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण कर समयबद्ध रूप से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
विद्यालयों एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जिला कलक्टर ने लक्ष्मीपुरा, मंडा एवं गुलफसार सहित विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, नवीन निर्मित कक्षों तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. मंजू ने डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय छात्रावास एवं सावित्रीबाई फुले राजकीय महाविद्यालय स्तरीय कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई, भोजन एवं आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली। छात्रावास में अनुपयोगी एवं पुरानी सामग्री को नियमानुसार नीलाम करने, आवश्यक मरम्मत कार्य करवाने तथा लाइब्रेरी विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रसोईघर में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं एक्सपायरी डेट की जांच सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर में पौधारोपण भी किया।
मतगणना स्थल पर तैयारियों का लिया जायजा
नगर निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर जिला कलक्टर ने नगर परिषद कम्युनिटी हॉल स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा, कार्मिकों की सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने उपखंड अधिकारी को निर्देश दिए कि नगर निकाय चुनाव से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा मतगणना स्थल पर किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहे। संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय रखते हुए व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे

Post a Comment