चित्तोडगढ
प्रवीण दवे रिपोर्ट
जिले की तीन नगर निकायों में 69.89% मतदान
बेगूं में मतदाताओं का सबसे ज्यादा उत्साह, 84.36% मतदान
चित्तौड़गढ़ में 67.87% और रावतभाटा में 66.82% मतदान
1 लाख 11 हजार से ज्यादा मतदाताओं ने डाला वोट
बुजुर्गों से लेकर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में दिखा खासा उत्साह
शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा
चित्तौड़गढ़ में नगर निकाय चुनाव के लिए बुधवार को लोकतंत्र के महापर्व में मतदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी भागीदारी निभाई।
जिले की चित्तौड़गढ़, रावतभाटा और बेगूं नगर निकायों में मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
शाम 6 बजे तक सामने आए आंकड़ों के मुताबिक जिले में कुल 69.89 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
सबसे ज्यादा मतदान बेगूं में 84.36 प्रतिशत रहा, जबकि चित्तौड़गढ़ में 67.87 प्रतिशत और रावतभाटा में 66.82 प्रतिशत मतदान हुआ।
चित्तौड़गढ़ जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर बुधवार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं।
जिले की तीनों नगर निकायों में कुल 1 लाख 59 हजार 97 मतदाता मतदान के लिए पात्र थे, जिनमें से शाम 6 बजे तक 1 लाख 11 हजार 189 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
नगर निकायवार आंकड़ों की बात करें तो चित्तौड़गढ़ में 98 हजार 229 में से 66 हजार 667, रावतभाटा में 38 हजार 910 में से 25 हजार 999 और बेगूं में 21 हजार 958 में से 18 हजार 523 मतदाताओं ने वोट डाला।
मतदान केंद्रों पर लोकतंत्र के प्रति मतदाताओं का उत्साह साफ दिखाई दिया।
बुजुर्ग मतदाता भी मतदान केंद्रों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं पहली बार मतदान करने वाले नव मतदाताओं में भी खासा उत्साह नजर आया।
महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक हिम्मत सिंह बारहठ ने बेगूं सहित अन्य निकाय क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
मतदान को सुगम बनाने में स्काउट-गाइड, छात्र-छात्रा स्वयंसेवकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मतदाताओं के मार्गदर्शन, कतार व्यवस्था और अन्य जरूरी सहयोग में स्वयंसेवक सक्रिय नजर आए।
वहीं मतदान केंद्रों पर मेडिकल टीमों ने भी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
फिलहाल शाम 6 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार चित्तौड़गढ़ जिले में 69.89 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है।
हालांकि निर्वाचन विभाग के मुताबिक ये आंकड़े शाम 6 बजे तक सांख्यिकीय प्रकोष्ठ से प्राप्त आंकड़ों पर आधारित हैं। अंतिम आंकड़ों के संकलन और पुष्टि के बाद मतदान प्रतिशत में मामूली बदलाव संभव है।
إرسال تعليق