जिला चित्तौड़गढ़
तहसील निंबाहेड़ा
रिपोर्टर पप्पु देतवाल
सदियों पुरानी परंपरा जीवित - आठ-आठ जोड़ बैलों से खिंचकर निकले घास बावजी
लोक देवता शहर कोतवाल श्री घास भैरू बावजी का जुलूस हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली के दूसरे दिन यानी गोवर्धन पूजा पर धूमधाम से नगर में निकाला गया।
जुलूस नगर के जावद दरवाजा, दशहरा मैदान स्थित शिव कॉलोनी, कासोद दरवाजा, इन्दिरा कॉलोनी होता हुआ रिसाला स्कूल के पास चौराहे पर पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने भव्य पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और बीमारियों से स्वस्थ रहने की कामना का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान चौराहे पर घास बावजी का विशेष पड़ाव हुआ। परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं द्वारा यहां भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद ही जुलूस आगे बढ़ा।
नगर के मुख्य पटेलों एवं श्रद्धालुजनों द्वारा निकाले गए इस जुलूस में सबसे आगे घास बावजी को रस्सी से खींचते हुए बच्चे और आठ-आठ जोड़ बैलों के द्वारा रस्सी से खींचकर नगर भ्रमण कराया गया।
इसके बाद यह जुलूस नगर के कैंची चौराहा, डाक बंगला होते हुए रेल्वे स्टेशन के सामने, पुलिस थाना के सामने होते हुए पुनः घास बावजी स्थल पहुंचेगा।
सदियों से चली आ रही यह परंपरा है कि श्री घास भैरू बावजी के दर्शन करने से बीमारियों से निजात मिलती है।
वहीं इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पूर्व प्रचार प्रसार मंत्री, सेन समाज चोखला के सोनू सेन ने बताया कि कोरोना काल में क्षेत्र में बढ़े प्रकोप को रोकने के लिए नगर के प्रमुखों व श्रद्धालुओं द्वारा श्री घास भैरूजी बावजी के स्थल पर विधि-विधान से हवन पूजन कर मिन्नतें की गई, तो इस महामारी का प्रकोप कम हुआ था। कोरोना काल के समय भी श्री घास भैरू बावजी के स्थल पर बीमारियों से बचने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
सवारी के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। पुलिस जवानों ने व्यवस्थाओं को संभालते हुए सवारी के सुरक्षित एवं सुचारू संचालन में सहयोग किया।

إرسال تعليق