बिना हेलमेट मिले दोपहिया वाहन चालकों को 100 हेलमेट वितरित, हर सफर में हेलमेट पहनने का लिया संकल्प



पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज श्री हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा की उपस्थिति में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर सड़क सुरक्षा को लेकर सिंगरौली पुलिस द्वारा एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


पुलिस पेट्रोल पंप परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस द्वारा दोपहिया वाहन चालकों की चेकिंग की गई। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने के स्थान पर उन्हें सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कुल 100 हेलमेट वितरित किए गए। वाहन चालकों को हेलमेट पहनाकर यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।


रक्षाबंधन पर्व के भाव को सड़क सुरक्षा से जोड़ते हुए कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा बिना हेलमेट मिले दोपहिया वाहन चालकों को तिलक लगाया गया, राखी बांधी गई तथा उनसे यह संकल्प लिया गया कि वे भविष्य में दोपहिया वाहन चलाते समय हर बार हेलमेट पहनकर ही घर से निकलेंगे। वाहन चालकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए नियमित रूप से हेलमेट पहनने और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने का भरोसा दिलाया।


कार्यक्रम की सबसे सकारात्मक बात यह रही कि हेलमेट प्राप्त करने वाले वाहन चालकों ने स्वयं अपनी आदत में बदलाव का संकल्प लिया। वाहन चालकों ने बताया कि वे अब तक कई बार बिना हेलमेट घर से निकल जाते थे, लेकिन आज सिंगरौली पुलिस द्वारा हेलमेट प्रदान किए जाने और उसके महत्व को समझाए जाने के बाद वे भविष्य में प्रत्येक बार दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनेंगे।


पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों को बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति का हेलमेट पहनना भी उतना ही आवश्यक है। निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना, नशे की स्थिति में वाहन न चलाना तथा यातायात संकेतों का पालन करना सुरक्षित यातायात की मूल आवश्यकता है।


सिंगरौली पुलिस की यह पहल दंड के स्थान पर जागरूकता, सहभागिता और व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से सड़क सुरक्षा को मजबूत करने का प्रयास है। रक्षाबंधन पर्व पर दिया गया यह “सुरक्षा का उपहार” वाहन चालकों को केवल हेलमेट नहीं, बल्कि सुरक्षित सफर की जिम्मेदारी भी सौंपता है।


उक्त कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक श्री केशव सिंह चौहान, यातायात प्रभारी सूबेदार श्री आशीष तिवारी, उपनिरीक्षक संदीप नामदेव, सउनि उत्तम सिंह, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी, विनय सिंह, पुष्पेंद्र चतुर्वेदी, आरक्षक धर्मेंद्र सिंह, राघवेंद्र सिंह, पवन, जितेंद्र सहित यातायात पुलिस का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।


उपहार हमारा, उसे पहनने का वादा आपका।


सिंगरौली पुलिस सदैव आपके साथ।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post