जीला -प्रतापगढ
तहसील -छोटीसादडी
रिपोर्टर -प्रहलाद जणवा
दानपात्र चोरी के बाद मजबूत किया था सुरक्षा इंतजाम, फिर भी बदमाशों ने मंदिर को बनाया निशाना; CCTV में कैद हुई वारदात
छोटीसादड़ी से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध श्री घाटीवाले बालाजी मंदिर में एक बार फिर चोरी का प्रयास किया गया। रविवार रात करीब 2 बजे आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों के गिरोह ने मंदिर परिसर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। बदमाशों ने मंदिर में लगे CCTV कैमरों को कपड़े से ढकने की कोशिश की, ताकि उनकी पहचान सामने नहीं आ सके। जानकारी के अनुसार बदमाश बालाजी मंदिर में प्रवेश कर वहां रखा गदा उठाकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मंदिर के पुजारी के जागने पर बदमाशों ने गाली-गलौच करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद सभी बदमाश भाग निकले। श्री घाटीवाले बालाजी मंदिर में पहले भी चोरी की वारदात हो चुकी है। बदमाश मंदिर का दानपात्र तक चोरी कर ले गए थे। इसके बाद मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा को देखते हुए मजबूत दानपात्र लगाया था। इसके बावजूद चोरों ने एक बार फिर मंदिर को निशाना बना लिया।
मंदिर परिसर में CCTV कैमरे लगे हुए हैं। बदमाशों ने वारदात के दौरान कैमरे के ऊपर कपड़ा डालकर उसे ढकने का प्रयास किया, लेकिन चोरी की कोशिश से जुड़ी गतिविधियां CCTV में कैद हो गईं। सभी बदमाशों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था।
मंदिर में बार-बार चोरी की कोशिश होने से श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में धार्मिक स्थलों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है कि CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उन्हें कब तक गिरफ्तार किया जाता है
Post a Comment