नाथद्वारा
रिपोर्टर -गोविंद त्रिपाठी
नगर पालिका चुनाव के तहत नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन शनिवार को चुनावी सरगर्मियां तेज हो गईं। उपखंड कार्यालय में दिनभर प्रत्याशियों और समर्थकों का हुजूम उमड़ा। तीसरे दिन कांग्रेस, भाजपा, आम आदमी पार्टी और निर्दलीय मिलाकर कुल 32 दावेदारों ने 34 नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही अब तक कुल 39 प्रत्याशियों द्वारा 42 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।
शनिवार सुबह निवर्तमान पालिकाध्यक्ष मनीष राठी अन्य कांग्रेसी प्रत्याशियों व बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस के रूप में उपखंड कार्यालय पहुंचे। उनके साथ ही आप और निर्दलीय उम्मीदवार भी समर्थकों संग ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ पर्चा दाखिल करने पहुंचे। वहीं, भाजपा के प्रत्याशी भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ सादगी से नामांकन करने पहुंचे।
अब तक के नामांकन में भाजपा की ओर से सुस्ती देखी जा रही है। शनिवार तक पार्टी की ओर से केवल दो उम्मीदवारों, कपिल लोढ़ा और महेश चंद्र, ने ही नामांकन दाखिल किया है। पार्टी ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची भी जारी नहीं की है। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा कई वार्डों में प्रत्याशियों के चयन को लेकर कशमकश में है या फिर टिकट न मिलने पर कार्यकर्ताओं के बागी होने के डर से अंतिम समय में नामांकन कराने की रणनीति पर काम कर रही है।
नामांकन के दौरान दिलचस्प बात यह रही कि वार्ड संख्या 10 से मोहम्मद शाहिद छिपा ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल करने के साथ ही निर्दलीय के रूप में भी अपना आवेदन जमा कराया। निवर्तमान पालिकाध्यक्ष मनीष राठी ने वार्ड संख्या 21 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।
वहीं नामांकन प्रक्रिया के तीन दिन बीत जाने के बाद भी नगर पालिका के 17 वार्डों—1, 5, 7, 8, 9, 12, 16, 19, 23, 24, 25, 27, 28, 32, 38, 39 और 40—में अब तक किसी भी दल या निर्दलीय प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया है।
إرسال تعليق