जिला छिंदवाड़ा
संतोष कुमार बाथरी
छिंदवाड़ा से देहात थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पिस्तौल, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर उठक-बैठक भी करवाई।
मामला छिंदवाड़ा के देहात थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर परासिया रोड स्थित पोआमा पानी टंकी के पास घेराबंदी कर सफेद रंग की क्रेटा कार क्रमांक CG04-DY-4001 को रोका।
कार में सवार दो संदिग्ध युवकों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक देशी पिस्तौल, एक छर्रे वाली पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास मसकोले और मिथुन उइके के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने करीब एक साल पहले उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी से 55 हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात कबूल की है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। अब पुलिस हथियार सप्लाई करने वाले उत्तर प्रदेश के आरोपी तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।
देहात पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं आरोपियों का जुलूस निकालकर उठक-बैठक करवाने की कार्रवाई भी चर्चा में है।
Post a Comment