चित्तौड़गढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय लूट-चोरी गिरोह का पर्दाफाश

 

चित्तोडगढ 

  रिपोर्ट प्रवीण दवे 

वृद्ध दंपती से चांदी के कड़े और जेवर लूटने की वारदात का खुलासा

3 शातिर आरोपी गिरफ्तार, 30 से ज्यादा वारदातें करना कबूला

राजस्थान और मध्यप्रदेश में मंदिरों व महिलाओं को बनाते थे निशाना

चित्तौड़गढ़। जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) और थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महिलाओं के चांदी के आभूषण लूटने और मंदिरों में चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान और मध्यप्रदेश में 30 से अधिक लूट और चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 को आछोड़ा गांव निवासी नानूलाल रैगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि रात के समय कुछ बदमाश घर में घुसे और वृद्ध दंपती को धमकाकर महिला के हाथ-पैर में पहने चांदी के आभूषण, मोबाइल और घड़ी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस और डीएसटी की विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड जुटाया और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मानव सूचना तंत्र को सक्रिय किया। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अपने ठिकाने लगातार बदल रहे थे और अलग-अलग इलाकों में घूमकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस ने निगरानी के बाद गिरोह के तीन आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कालू पुत्र सुखा कालबेलिया, निवासी कालीछांट थाना गंगरार, तेजपाल उर्फ ... कालबेलिया, निवासी तेजाजी मंदिर के पास घाटी मोहल्ला पारसोली तथा सुरेश पुत्र प्रभुलाल कालबेलिया, निवासी गोराजी का निम्बाहेड़ा थाना कपासन, हाल केकड़ी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और लूट के कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ में गिरोह द्वारा चित्तौड़गढ़ के अलावा भीलवाड़ा, राजसमंद और मध्यप्रदेश क्षेत्र में महिलाओं के जेवर लूटने तथा मंदिरों से चांदी के छत्र, प्रतिमाएं, दानपात्र और नकदी चोरी करने की वारदातें सामने आई हैं।

इन वारदातों का हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार गिरोह ने पारसोली, चित्तौड़गढ़, बड़ीसादड़ी, भीलवाड़ा, राशमी, गंगरार, कपासन, मांडलगढ़, बिजोलिया सहित कई क्षेत्रों में वारदातें कीं। इनमें महिलाओं के कानों के टॉप्स, नथ, मंगलसूत्र, चांदी के कड़े, पायजेब और अन्य जेवर लूटने के साथ मंदिरों से दानपात्र, नकदी, चांदी के छत्र और अन्य सामान चोरी करने की घटनाएं शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार एक मामले में देवनारायण मंदिर से करीब 5 लाख रुपये नकद और चांदी का छत्र चोरी करने की वारदात का भी खुलासा हुआ है। वहीं मांडलगढ़ क्षेत्र में जैन मंदिर की खिड़की काटकर चांदी का छत्र चोरी करने की घटना भी गिरोह से जुड़ी बताई गई है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ में अभी और वारदातों के खुलासे और चोरी का माल बरामद होने की संभावना है। मामले का अनुसंधान जारी है।

कार्रवाई में थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ और जिला विशेष टीम (चोरी निरोधक टीम) के अधिकारियों एवं जवानों की अहम भूमिका रही।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم