रिपोर्टर -गौरव कुमार मिश्रा
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम, जनकल्याणकारी योजनाओं के कैंप लगाकर पात्रों को किया जाएगा लाभान्वित
प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को अवसर देने के निर्देश
हमीरपुर। जनपद हमीरपुर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के प्रभारी मंत्री एवं मा० राज्यमंत्री जल शक्ति विभाग, उत्तर प्रदेश श्री रामकेश निषाद की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों एवं कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्री रामकेश निषाद ने कहा कि एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सभी कार्यक्रमों का नियमित एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान का संदेश अधिक से अधिक जनसामान्य तक पहुंचे और जनभागीदारी को बढ़ावा मिले।
अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विकासखंड एवं नगर निकाय स्तर पर सात दिवसीय बहुउद्देशीय ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदन एक ही स्थान पर भरवाने, पात्रता का सत्यापन करने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मेले एवं दिव्यांग कल्याण शिविरों के माध्यम से भी पात्र व्यक्तियों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में मा० विधायक सदर डॉ. मनोज कुमार प्रजापति, मा० विधायक राठ श्रीमती मनीषा अनुरागी, मा० जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जयंती राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती शकुंतला निषाद, नगर पालिका अध्यक्ष श्री कुलदीप निषाद, मा० राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि श्री अशोक तिवारी, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे।

إرسال تعليق